भामसं की 25 फरवरी 2022 को विरोध प्रदर्शन पर तैयारी चर्चा








बीकानेर, 26 दिसम्बर (सीके न्यूज/छोटीकाशी)। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री हरिमोहन शर्मा ने रविवार को बीकानेर में कहा कि सरकार निजीकरण की आड़ में सरकारी संपत्ति बेच रही है तथा निजीकरण से कर्मचारियों का खुला शोषण किया जा रहा है। आगामी 25 फरवरी 2022 को भारतीय मजदूर संघ की सरकार की मजदूर, किसान एवं कर्मचारी नीतियों के खिलाफ होने वाले विरोध प्रदर्शन को लेकर रखी गयी मीटिंग मेें उन्होंने यह बात कही। शर्मा बोले कि भामसं मांग करता है की संविदा कर्मचारियों को समान का समान वेतन दिया जावे व निजीकरण समाप्त कर बेरोजगारों को रोजगार दिया जावे। भारतीय मजदूर संघ के संभाग सह प्रभारी शिवकुमार व्यास ने बताया कि भामसं की संभाग बैठक नवीन स्वामी की अध्यक्षता में हुई। प्रदेश संयुक्त महामंत्री हनुमान दास राव ने कहा कि सरकार सत्ता के मद्द में कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। संभाग संगठन मंत्री नत्थू सिंह राठौड़ ने कहा कि सरकार ने रोडवेज कर्मचारियों को आज तक सातवां वेतनमान नहीं देकर अन्याय कर रही है। व्यास ने कहा कि निर्माण श्रमिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर नही देकर योजनाओं से वंचित रखा जा रहा है। रेलवे संगठन के मंडल अध्यक्ष सुनील शादी ने कहा कि रेलवे प्रशासन मान्यता प्राप्त संगठन के प्रभाव में भामसं संगठन के कार्यकर्ताओं पर बेबुनियाद आरोप लगाकर प्रताडि़त कर रहा है जिसे संगठन बर्दाश्त नही करेगा। जिलामंत्री ओमप्रकाश सिद्ध ने प्रदर्शन को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया व विद्युत संगठन के शिवदत्त गौड़, डाक संगठन के प्रेम, सफ ाई कर्मचारी संगठन के रतनलाल चांवरिया, रोडवेज के बंशीलाल राजपुरोहित, एमईएस के गणेश स्वामी व असंगठित के अनूप प्रजापत सहित अनेक ने विचार व्यक्त किए।