जरूरतमंदों की मदद से ही मिलेगा आत्मिक सुख : डॉ वसंत विजय जी म.सा. 


 



 



 



 



 


श्री कृष्णगिरी भक्त मंडल उज्जैन ने बांटी राशन सामग्री व कंबल 


उज्जैन। श्री कृष्णगिरी पार्श्व पद्मावती भक्त मंडल उज्जैन द्वारा पूज्य गुरुदेव, राष्ट्रसंत, सर्वधर्म दिवाकर डॉ वसंत विजय जी महाराज साहेब की अभिनव प्रेरणा से यहां जरूरतमंद लोगों को राशन किट और कंबल आदि का वितरण क्रम अनवरत रूप से जारी है। इसी क्रम में सोमवार को संत श्रीजी की निश्रा में यहां शनि मंदिर त्रिवेणी घाट स्थित शांतम आश्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को राशन किट व कंबल प्रदान किए गए। भक्त मंडल के वरिष्ठ सदस्य शैलेंद्र तलेरा ने यह सामग्री अपने कर कमलों से भेंट की। इस दौरान संत श्रीजी ने कहा कि व्यक्ति के जीवन में किसी प्रकार का दुख-संकट, परेशानी है तो किसी भी जरूरतमंद की मदद करके देखिए परमात्मा आपकी मदद करके आपके दुख संकट को टालेंगे और आत्मिक सुख के साथ सुकून तथा खुशियां प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि औरों की मदद करने जैसा आत्मिक सुख अन्य किसी चीज़ में नहीं मिल सकता है। डॉ वसंत विजय जी ने कहा कि इंसानियत का सबसे बड़ा धर्म ही यही है कि हम दूसरों के दुख-कष्ट में उनसे नम्रता पूर्वक व्यवहार कर हर संभव मदद करें। कार्यक्रम का संचालन गुरु भक्त रितेश नाहर ने किया। इस दौरान अनेक सेवा भावी गुरुभक्त भी मौजूद रहे।