बीकानेर। आरएल. गुप्ता बालिका सशक्तिकरण संस्थान की संस्थापक व अध्यक्ष डॉ. अर्पिता गुप्ता को राष्ट्रीय स्तर पर आसाम बुक ऑफ रिकॉर्ड द्वारा "जिम्मेदार भारतीय" की उपाधि से नवाजा गया है। उन्हें यह सम्मान लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए देश के अलग-अलग शहरों के छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क ऑनलाइन पढ़ाने व उनकी रचनात्मकता, क्रियात्मकता को बढ़ाने हेतु हस्तकला में दक्ष करके आत्मनिर्भर बनाने के क्षेत्र में दिया गया है। बच्चों को इन कक्षाओं में निःशुल्क चित्रकला, क्राफ्ट, कुकिंग, गणित, अंग्रेजी, नृत्य इत्यादि के साथ भारतीय संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से भी कुछ कार्य सिखाये जा रहे है। जिसमें राजस्थान के विभिन्न जिलों के साथ हरिद्वार, लखनऊ, मुंबई, दिल्ली, कानपुर, बेंगलुरु आदि शहरों के भी बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। डॉ. अर्पिता गुप्ता ने कहा बच्चे देश का भविष्य है इसीलिए उन्होंने बच्चों को हमेशा आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया है। आर्थिक रूप से जो सक्षम नहीं, मगर योग्य हैं उनके लिए ऑनलाइन कक्षाएं बहुत उपयोगी हैं। उन्होंने इस सम्मान के लिए आसाम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के कार्यकर्ता संजय अग्रवाल के साथ, अपनी संस्थान के सभी सदस्यों, सभी अभिभावकों-बच्चों को धन्यवाद दिया, जिन्होंने संस्थान के हर कार्यक्रम में उत्साह से भाग लिया व सफल बनाया।
डॉ. अर्पिता गुप्ता का राष्ट्रीय सम्मान