उष्ट्रवाहिनी माता जी के मंदिर में दुर्गाष्टमी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया






CK NEWS/CHHOTIKASHI बीकानेर। स्थानीय नत्थूसर गेट के बाहर बाबा रामदेव पार्क के पास स्थित पुष्करणा ब्राह्मण व स्वर्णकार समाज की कुलदेवी मां उष्ट्रवाहिनी (सारिका देवी) माताजी के मंदिर में दुर्गाष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पूजारी पं. शांतिस्वरुप रंगा ने बताया कि सर्वप्रथम माताजी का विशेष शृंगार किया गया। साथ ही मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी के साथ सजाया गया। दोपहर के समय श्रीमती जानकीदेवी के सानिध्य में गीता के 18 अध्याय किए गए एवं रंगा के आचार्यत्व में 21 वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा दुर्गा सप्तशती के पाठ किए गए। शाम के समय महाआरती का आयोजन किया गया जिसमें श्रद्धालूओं द्वारा ध्वजा, नारियल मिश्री-पताशा, फल इत्यादि का भोग लगाया गया और देवी स्वरुप 9 नन्ही कन्याओं का पूजन किया गया। रात्रि के समय रामनवमी की पूर्व संध्या पर रामायण पाठी विष्णुदत्त रंगा के नेतृत्व में सुंदरकाण्ड के पाठ किए गए। तत्पश्चात् भजन-संगीत का आयोजन भी रखा गया जिसमें एस.एस. रंगा, नवरतन रंगा, अरुण दत्त, अनिल शंकर ब्रदर्स, अंशू-वंशू, जयश्री, इति, ममन सेठ, सारिका, निहारिका रंगा ने अपने-अपने भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन मोना सरदार एव बाबू पठान ने किया।