गुरुग्राम में विश्व शांति केंद्र का भूमिपूजन सम्पन्न








विश्व शांति केंद्र से योग और भारतीय जीवनशैली दुनियाभर में पहुंचेगी : स्वामी रामदेव


केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, संजय चोरड़िया व प्रमुख धर्माचार्य, उद्योगपति, समाजसेवियों सहित विभिन्न हस्तियों ने भूमिपूजन समारोह में की शिरकत


गुरुग्राम। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्रख्यात जैनाचार्य शांतिदूत आचार्य डॉ लोकेशजी द्वारा स्थापित अहिंसा विश्व भारती संस्था भारत का पहला ‘विश्व शांति केंद्र’ गुरुग्राम में स्थापित करने जा रही है। इसके लिए अहिंसा विश्व भारती संस्था को हरियाणा सरकार द्वारा गुरुग्राम के सैक्टर 39 में आंवटित किए गए भूखंड का भूमिपूजन रविवार को संस्थापक आचार्य डॉ लोकेशजी के 62वें जन्मदिवस के अवसर पर किया गया है। इस भूखंड पर संस्था शीघ्र ही विश्व शांति केंद्र (डब्ल्यूपीसी) का निर्माण शुरू करेगी।

इस दौरान योगऋषि बाबा रामदेवजी ने कहा कि आचार्य लोकेशजी मानवता के अप्रतिम उदाहरण है, उनके मार्गदर्शन में अहिंसा विश्व भारती संस्था इस केंद्र से योग और भारतीय जीवनशैली दुनियाभर में पहुंचाएगी। उन्होने आचार्य लोकेशजी के मानवतावादी कार्यों की सराहना करते हुए जन्मदिवस की बधाई दी। केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि आचार्य लोकेशजी ने राजस्थान की धरती पर जन्म लेकर भारत एवं भारतीयता का गौरव सम्पूर्ण विश्व में बढ़ाया है। लोकमत मीडिया समूह के चेयरमैन एवं पूर्व सांसद डॉ विजय दर्डा ने कहा कि रशिया एवं यूक्रेन के युद्ध के बीच ऐसे विश्व शांति केन्द्रों की बहुत ही आवश्यकता और प्रासंगिकता हैं। इससे पूर्व आचार्यश्री डॉ लोकेशजी ने सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया और बताया कि ‘विश्व शांति केंद्र’ विश्वभर में शांति व सद्भावना की स्थापना के लिए कार्य करेगा। उन्होने बताया कि ‘विश्व शांति केंद्र’ व्यक्ति निर्माण का विश्व स्तरीय प्रमुख केंद्र होगा जहां ध्यान, योग, भारतीय संस्कृति व जैन जीवन शैली आधारित साईंटिफ़िक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं के व्यक्तित्व विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण व बच्चों के संस्कार निर्माण के विविध आयाम भी संचालित होंगे। इस अवसर पर सभी संतों ने आचार्य डॉ लोकेशजी को शॉल ओढ़ाकर व रुद्राक्ष का पौधा भेंटकर, 62वें जन्मदिवस की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ दी। 


इन्होंने भी रखे अपने विचार..

 

गीतामनीषी स्वामी ज्ञानानंदजी महाराज, परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वतीजी, महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेवजी, युवाचार्य अभयदासजी, स्वामी दीपांकरजी, आचार्य शैलेशजी एवं आचार्य उदयजी ने भी अपने अपने विचार रखे। इस अवसर पर अमेरिका के न्यूयोर्क से समागत करमजीत सिंह ढालिवाल, न्यू जर्सी से अनिल मोंगा,अटलांटिक सिटी से बसंत चित्रा गुप्ता, पुणे स्थित सूर्यदत्ता ग्रुप के चेयरमैन डॉ संजय चोरड़िया, विश्व शांति केंद्र के चेयरमेन अभय कुमार जैन, अहिंसा विश्व भारती के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश तिवारी, मुंबई से सौरभ बोरा, बाबा शुक्ला, किशोर खाबीया, प्रकाश कानूनगो, श्रीमति मधु जैन, अहमदाबाद से डॉ रूपकुमार हंसमुख अग्रवाल, नीमराना से संजय शर्मा, रामगोपाल दीक्षित, डॉ आलोक डारोलिया, धीरेंद्र सिंह राघव ने भूमिपूजन में भाग लेते हुए कहा कि विश्व शांति केंद्र के माध्यम से देश-दुनिया में शांति शिक्षा,ध्यान, योग, युवा कार्यक्रम आदि विषयों पर अधिक प्रभावशाली तरीके से कार्य किया जाएगा। 


यह भी रहे मौजूद..


कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोगी हरियाणा संघ प्रमुख पवन जिंदल, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम जाजु, मदन जिंदल, संजय शर्मा, राजेंद्र मुणोत बेंगलूरु, बीनू तंवर, प्रेम प्रकाश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शिरकत की। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था से जुड़ भव्य श्रीवास्तव, सुश्री तारकेशवरी मिश्रा, कर्ण कपूर, विनीत व जावेद आदि का भी विशेष योगदान रहा।