जैन समाज की उदारता व राष्ट्र निर्माण में योगदान सराहनीय : राज्यपाल गेहलोत







-श्री सिवांची ओसवाल जैन संघ का स्नेह मिलन एवं निर्देशिका विमोचन कार्यक्रम सम्पन्न



बेंगलूरु। श्री सिवांची ओसवाल जैन संघ का स्नेह मिलन एवं निर्देशिका विमोचन कार्यक्रम यहां महाराजा पैलेस में संपन्न हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत के कर कमलों से निर्देशिका का विमोचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री सिवांची ओसवाल जैन महिला संघ की सदस्याओं द्वारा मंगलाचरण पंच परमेष्ठि वंदना प्रस्तुति से हुआ। संघ के अध्यक्ष राजेंद्र जैन ने स्वागत भाषण देते हुए राज्यपाल गेहलोत सहित उपस्थित सभी जनों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। राज्यपाल थावरचंद गेहलोत ने जैन समाज की उदारता, सेवा भावना एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान की भरपूर सराहना करते हुए कहा कि वे भगवान महावीर के अहिंसा एवं प्राणी मात्र के प्रति दया की भावना के सिद्धांतों से अत्यंत प्रभावित हैं और अपने जीवन में अधिक से अधिक भगवान महावीर के सिद्धांतों पर आचरण करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि वे काफी लंबे समय से जैन संतों के संपर्क में रहे हैं और समय-समय पर अभी भी संत समागम प्राप्त होता है। अनेक जैन तीर्थ स्थलों के दर्शन का उन्होने सौभाग्य प्राप्त किया है। जैन बंधु मानवता की सेवा में सदैव अग्रणी रहे हैं और राष्ट्र में कभी भी किसी भी विकट परिस्थिति के आने पर जन सेवा में अपने धन का सदुपयोग करने में अपने जीवन की सार्थकता समझते हैं इसके लिए जैन समाज की जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। निर्देशिका संयोजक राजेंद्र गुलेच्छा एवं सह संयोजक दिनेश सोलंकी ने पीपीटी प्रस्तुति द्वारा निर्देशिका प्रकाशन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देते इस निर्देशिका में सिवांची ओसवाल जैन परिवारों की विस्तृत जानकारी समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। इस मौके पर मुख्य अतिथि राज्यपाल थावरचंद गेहलोत का माला द्वारा संघ के महामंत्री अशोक सालेचा, साफा पहनाकर अध्यक्ष राजेंद्र जैन एवं पदाधिकारियों ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। स्नेह मिलन के संपूर्ण लाभार्थी राजेंद्रकुमार यशकुमार छाजेड़ जैन का भी संघ के पदाधिकारियों द्वारा माला, साफा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। महामंत्री अशोक सालेचा ने संघ के कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र गुलेच्छा एवं नीलम ललवानी ने किया। संघ के सभी सदस्यों को निर्देशिका भेंट स्वरुप प्रदान की गई। स्नेह मिलन में करीब 3000 लोगों की विशाल जनमेदिनी की उपस्थिति में कलाकार रंजीत कुमार द्वारा हास्य कार्यक्रम की प्रस्तुति ने सभी का भरपूर मनोरंजन किया। जानेमाने समाजिक कार्यकर्ता बाबूभाई मेहता ने बताया कि महिलाओं एवं बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी रखी गई जिसमें सभी ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। श्री सिवांची जैन युवा मंडल एवं श्री सिवांची ओसवाल जैन महिला संघ का व्यवस्था में सुंदर सहयोग रहा।