केंद्रीय मंत्री अर्जुन की घोषणा, बीकानेर में प्रस्तावित सांईस सेन्टर रक्षा वैज्ञानिक रहे डॉ एच पी व्यास के नाम पर होगा

                                    


 






सीके न्यूज। छोटीकाशी। बीकानेर में प्रस्तावित सांईस सेन्टर रक्षा वैज्ञानिक रहे स्वर्गीय डॉ एचपी व्यास के नाम पर होगा। यह घोषणा केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने विश्व प्रसिद्ध वरिष्ठ रक्षा वैज्ञानिक रहे डॉ व्यास की स्मृति में आयोजित जन . श्रद्धांजलि सभा में की। उन्होंने अपनी शब्दांजलि के माध्यम से कहा कि डॉ व्यास जैसे प्रेरक व्यक्तित्व सदियों में कभी कभी आते हैं। डॉ व्यास से जुड़े अनेक संस्मरण प्रस्तुत करते हुए मेघवाल ने सुझाव दिया कि इसी तरह की एक श्रद्धांजलि सभा राजधानी दिल्ली में भी आयोजित की जानी चाहिए। इस हेतु उन्होंने अपनी तरफ से यथावश्यक सहयोग का भी आश्वासन दिया। उन्होंने इस अवसर पर एक गीत भी प्रस्तुत किया। शिववैली के पास स्थित ज्ञान विधि पी जी महाविद्यालय में आयोजित इस सभा में भाजपा के चंद्रशेखर ने डॉ व्यास को एक दिव्य प्रेरणा पुंज बताते हुए कहा कि वे देश के लिए पूरी तरह से समर्पित थे और उन्होंने अपनी कथनी और करनी में कभी अंतर नहीं किया। उन्होंने डॉ व्यास के जीवन के कई प्रेरक उदाहरणों को प्रस्तुत करते हुए उनके बताए मार्ग के अनुसरण की बात कही। इस अवसर पर हैदराबाद से विशेष रूप से आए डॉ महादेव भट्ट, पूर्व संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा, डॉ विजय शंकर आचार्य, ज्ञान विधि पी जी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ बी एल बिश्नोई की मौजूदगी में पैपा के प्रदेश समन्वयक गिरिराज खैरीवाल ने इस जन श्रद्धांजलि सभा का संयोजन करते हुए कहा कि डॉ व्यास का व्यक्तित्व किसी महासागर से कम नहीं था। उनसे जितनी बार मिला, हर बार नई बातें व नए गुण सीखने को मिले। सभा के संयोजक रवि अग्रवाल, नोखा के विधायक बिहारीलाल बिश्नोई, भाजपा के शहर अध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह, भाजपा के पूर्व शहर अध्यक्ष डा सत्यप्रकाश आचार्य, भाजपा के शहर उपाध्यक्ष अशोक बोबरवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता गुमान सिंह राजपुरोहित, पूर्व महापौर नारायण चौपड़ा, वरिष्ठ पत्रकार राजीव हर्ष, डॉ व्यास के भाई डॉ आर के व्यास, भाभी कमला देवी, राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के बीकानेर सी ओ जसवंत सिंह राजपुरोहित, मघा फांउडेशन के लक्ष्मण मोदी, एम जी एस यूनिवर्सिटी के रविंद्र मंगल, करुणा इंटरनेशनल संस्था के ताराचंद बोथरा, मानव प्रबोधन प्रन्यास के घनश्याम साध, करिअर काउंसलर डॉ चंद्र शेखर श्रीमाली, पर्वतारोही डॉ सुषमा बिस्सा सहित अनेक ने विचार रखे।