राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री जयंती : बीकानेर कलेक्टर नमित मेहता ने चरखा चलाकर काता सूत




CK NEWS/CHHOTIKASHI BIKANER राजस्थान में बीकानेर कलेक्टर नमित मेहता ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर दीप रोशन कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शनिवार को गांधी का चरखा चलाकर सूत काता। समारोह में राजस्थान खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा 6 चरखों की व्यवस्था भी की गयी। मौका था गांधी, शास्त्री जयंती पर गांधी पार्क में जिला प्रशासन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का। इस अवसर पर प्रस्तुत भजनों में महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत का स्मरण किया गया। मानवीय जीवन में नैतिक मूल्यों और सिद्धांतों के समावेश के लिए गांधी जी के दर्शन को इन भजनों के माध्यम से संदेश दिया गया। मुरली वादक मनमोहन जोशी और तबला वादक ठाकुर जोशी की जोड़ी ने मुरली के मधुर स्वर पर वैष्णव जन तो तेने कहिये, जे पीर पराई जाणे रे। पर दु:खे उपकार करे तोये, मन अभिमान न आणे रे। सकल लोक मां सहुने वन्दे, निन्दा न करे केनी रे भजन की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। नन्हे बालक चैतन्य ने वैष्णव जण तो तेणे कहिए जे, पीर पराई जाणे र... भजन की प्रस्तुति दी। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बारह गुवाड़ की छात्राओं व स्काउट.गाईड ने रघुपति राघव राजाराम, पतित पावन सीताराम.. ईश्वर अल्लाह तेरो नाम भजन की प्रस्तुति दी। संचालन संजय पुरोहित ने किया। इस अवसर पर महात्मा गांधी की 150 वीं जयन्ती कार्यक्रम के जिला संयोजक संजय आचार्य, एडीएम सिटी अरूण प्रकाश शर्मा, आयुक्त नगर निगम पंकज शर्मा, उपायुक्त निगम सुमन शर्मा, उप निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग एल.डी.पंवार, खादी बोर्ड के संभाग अधिकारी शिशुपाल, हजारी देवड़ा, स्काउट.गाइड प्रभारी ज्योति सारस्वत, महिला अधिकारिता विभाग के संरक्षण अधिकारी सतीश पडिहार, जिला समाज कल्याण अधिकारी वाजिद खान, उद्यान निरीक्षक सुनील जावा, सहायक आयुक्त स्काउट महेन्द्र सिंह मान, कारागृह कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी सहित गणमान्य नागरिकों ने गांधी व स्व.शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए।