बीकानेर, 2 फरवरी (सीके मीडिया/छोटीकाशी)। अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि निधि समर्पण महाअभियान का द्वितीय चरण संपूर्ण भारतवर्ष में चल रहा है। अभियान के दूसरे चरण में राम भक्तों की टोलियां घर-घर जाकर अयोध्या में बनने वाले प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के लिए सहयोग राशि संग्रहित कर रही है। बीकानेर के मारकंडेय नगर में भी यह अभियान जोरों शोरों से चल रहा है, नगर में यह टोलियां जहां भी जाती हैं वहां समाज के लोग इनका तिलक लगाकर व पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत करते हैं तथा मंदिर के लिए बच्चे से लेकर बूढ़े तक हर कोई बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह हमारा सौभाग्य है कि इस पुनीत महा अभियान में हमें सहयोग करने का मौका मिला। इस महा अभियान में मारकंडेय नगर में एक राम रथ भी तैयार किया गया है जो मारकंडेय नगर की गली-गली घूम रहा है। इस रथ की अनुपम कलाकृति को देखकर लोगों में प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा और उत्साह बढ़ जाता है जिसके चलते लोग जय श्री राम के जय घोष लगाने लगते हैं। इस रथ के सारथी विकास कुमावत ने बताया कि यह रथ बच्चों और महिलाओं में उत्साह का विशेष केंद्र बना हुआ है।
राम रथ की अनुपम कलाकृति देख प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा और उत्साह बढ़ रहा लोगों में