मानवता की मिसाल है राजस्थान संघ कर्नाटका : उत्तमचंद रातड़िया / राजस्थान संघ कर्नाटका द्वारा मोक्षरथ का लोकार्पण






बेंगलुरु। मानव सेवा हर मानव का कर्तव्य है। नर में ही नारायण का निवास होता है। मानव सेवा प्रभु की सेवा है। हमारा सौभाग्य है कि हमें राजस्थान संघ कर्नाटका ने मोक्ष रथ के मुख्य लाभार्थी  के माध्यम से मानवता की सेवा का अवसर प्रदान किया है। उपरोक्त विचार मोक्षरथ के मुख्य लाभार्थी रातड़िया परिवार के उत्तमचंद रातड़िया ने मोक्षरथ के लोकार्पण के अवसर पर व्यक्त किए। मोक्ष रथ के एक और मुख्य लाभार्थी राजेंद्र एसएम. जैन ने कहा कि धन का उपयोग मानवता की सेवा में करने से ही धनवान होने की सार्थकता है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बेंगलुरु विकास प्राधिकरण के चेयरमैन एसआर. विश्वनाथ ने राजस्थानी समुदाय की उदारता एवं दानवीरता की प्रशंसा करते हुए कहा कि जैन समाज मानव सेवा में सदैव अग्रणी रहा है। राष्ट्रव्यापी लोक डाउन की अवधि में भी जैन समाज ने जो जरूरतमंदों की सेवा की है उसमें संपूर्ण भारत के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय रचा गया। राजस्थान संघ कर्नाटका विभिन्न सेवा कार्यों में अग्रणी रहा है और मोक्ष वाहिनी का निरंतर निशुल्क संचालन करके समाज की बहुत बड़ी सेवा कर रहा है।  कार्यक्रम के प्रारंभ में संघ की अध्यक्ष रतनीबाई मेहता ने अतिथियों को मंच पर आमंत्रित किया। चेयरमैन अशोक चोपड़ा ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने संघ के फाउंडर चैयरमैन स्व. रमेश मेहता को याद करते हुए अपनी बात कही। मंत्री कमल पुनमिया ने राजस्थान संघ की विविध रचनात्मक गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उपाध्यक्ष कैलाश संकलेचा ने सभी  सहयोगियों, कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात मुख्य लाभार्थी रातड़िया एवं छाजेड़ परिवार ने राजस्थान संघ को मोक्ष रथ वाहन की चाबी सौंप कर विधिवत लोकार्पण किया। सह सहयोगी अमितकुमार मोहितकुमार मेहता, श्रेणिकराज पुष्पराज चोरड़िया, पारसमल निर्मलकुमार भंडारी परिवार का भी आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में  अनिल संकलेचा, पदमराज मेहता, मधु तातेड़, बबीता श्रीश्रीमाल, गौतमचंद धारीवाल, बाबूलाल दक, कन्हैयालाल चिप्पड़, प्रवीण पोरवाल, ताराचंद गुगलिया, रमेश भंडारी, मनोहर लुंकड़, चेनराज सुराना, प्रचार मंत्री अशोक नागौरी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद कोठारी ने किया।