बीकानेर, 23 जनवरी (सीके मीडिया/छोटीकाशी)। राजस्थान राज्य राशन विक्रेता अधिकृत नियोजक संघ का संभागीय सम्मेलन शनिवार को आचार्यों की बगीची में आयोजित किया गया। आयोजन के मुख्य वक्ता संघ के प्रदेशाध्यक्ष सरताज अहमद थे। संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष घनश्याम आचार्य, प्रदेश महामंत्री घनश्याम पारीक, जिलाध्यक्ष मनोज गहलोत, जिला शहर अध्यक्ष गिरिराज जोशी, महामंत्री महेश आचार्य, रामकुमार व्यास, आनंद ओझा, कुशाल आचार्य, दीपक बन, सुशील गहलोत, हनुमान सिंह, सुशील बिश्नोई, गोरधन डूडी सहित प्रदेश के अनेक पदाधिकारीगण इस सम्मेलन में मौजूद थे। मुख्य वक्ता प्रदेशाध्यक्ष सरताज अहमद ने सम्मेलन में मौजूद सभी राशन डीलरों का आह्वान किया कि आगामी विधानसभा सत्र में सरकार पर दबाव बनाने के लिए सभी संभागीय मुख्यालयों पर ऐसे सम्मेलन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राशन डीलरों की पिछले काफी लम्बे समय से जायज मांगे मानी नहीं जा रही है, उनकी मांगों में प्रमुख रुप से कमीशन बढ़ोत्तरी, समान मानदेय, पोस मशीन के रखरखाव हेतू, अनुकम्पा नियुक्ति में सरलीकरण हेतू, आधार कार्ड सीडिंग के दौरान राशन डीलरों पर की गई कार्रवाई को पुन: वापिस लेना शामिल है। सम्मेलन में संभाग के चारों जिलों के राशन डीलरों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सभी आगंतुकों, प्रदेश कार्यकारिणी, राशन डीलरों का धन्यवाद शहर अध्यक्ष गिरिराज जोशी ने किया।
10 फरवरी को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर चेतावनी देने हेतू राशन डीलर देंगे धरना
संघ के शहर अध्यक्ष गिरिराज जोशी ने बताया कि सम्मेलन में यह भी निर्णय लिया गया कि राज्य सरकार पर दबाव बनाने के लिए आगामी 10 फरवरी को राजस्थान के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर सरकार को चेतावनी देने हेतू राशन डीलरों द्वारा जिलाधीश कार्यालय पर धरना दिया जाएगा साथ ही सांसद, विधायक व आम उपभोक्ताओं का समर्थन रुपी सहयोग लिया जाएगा।