महिलाओं के समग्र विकास को समर्पित सखी सहेली संस्था का पहला कार्यक्रम बीबीयूएल में 23 को, अनेक महिला हस्तियां होंगी कार्यकम में शामिल

 




बेंगलुरु।  प्रसिद्ध समाजसेविका व महिला सशक्तिकरण को समर्पित जानी-मानी महिला नेत्री नीलम ललवानी द्वारा गठित संस्था सखी-सहेली का पहला कार्यक्रम शनिवार को यहां केआर रोड़ स्थित बीबीयूएल सभागार में दोपहर डेढ़ बजे से प्रारम्भ होगा। संस्था की संस्थापक नीलम ललवानी ने बताया कि पिछले एक साल से अनवरत महिलाओं के बहुआयामी व्यक्तित्व  को निखारने के लिए कार्य किया जा रहा है।  उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोज़गार के सम्बन्ध में विशेष चर्चा कर उनको एक समुचित मंच उपलब्ध करवाने  की  कोशिश की  जाएगी।  इसके साथ ही साथ, जिस महिला के अंदर जो विशेष गुण  होगा, उसे उसी के अनुसार प्रशिक्षण देकर उसकी  प्रतिभा को बढ़ावा दिया जायेगा। ललवानी ने बताया कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। आज महिलाओं को अगर बेंगलुरु में एक अनुकूल मंच मिल जाये तो वे यहां भी अपना परचम लहरा सकती हैं। उनकी इसी कमी को पूरा करने के लिए सखी-सहेली ग्रुप का गठन किया गया है।  नीलम ललवानी ने सभी जागरूक महिलाओं से अपील की है कि कार्यक्रम में भाग लेकर स्वयं का मान बढ़ाएं। ललवानी के मुताबिक संस्था व कार्यक्रम से उषा मुथा, गुणवंती, नीलम बम्ब, राजकुमारी, प्रिया गुलेच्छा, ममता, पूनम, त्रिशला, रेणु सियाल, मंजू बालिया, इंद्रा चेलावत, फुलवा नाहर, कंचन भंडारी, समता महक, दिव्या ललवानी, राजकुमारी चांदावत, कांता समदड़िया व अर्चना साह आदि महिलाएं अपने विशेष सहयोग के साथ जुड़कर भाग भी ले रही है।