गली-गली कचरा, घर-घर बीमारी विफलताओं का जश्न मना रही शहरी सरकार : कांग्रेस पार्षद जावेद पडि़हार


 



 


बीकानेर, 29 नवम्बर (छोटीकाशी डॉट पेज)। राजस्थान में बीकानेर नगर निगम पार्षदों के शिष्टमण्डल ने रविवार को प्रेस कांन्फ्रेंस में भाजपा बोर्ड की मेयर सुशीला कंवर राजपुरोहित पर आरोप लगाए कि गली-गली कचरा, घर-घर बीमारी विफलताओं का जश्न मनाने में शहरी सरकार व्यस्त है। कांग्रेस पार्षद जावेद पडि़हार, अंजना खत्री, शिव शंकर बिस्सा, ताहिर हसन कादरी, अब्दुल वाहिद, मनोज जनागल, शांति लाल मोदी, रफीक सत्तार, मनोज नायक, यूनुस अली व आदर्श शर्मा ने इस मौके पर 'साल 1 विवाद अनेक-'निगम के विवाद या विवादों में निगम' सम्बन्धित फ्लैक्स का विमोचन भी किया। जावेद पडि़हार ने कहा कि मेयर ने 1 साल के अंदर सबसे कम नगर निगम की सीट पर बैठने का इतिहास बनाया है। शहर के विकास को 1 साल में ही 5 साल पीछे ले गए हैं। आपसी खींचतान के कारण आज शहर में विकास ठप पड़ा है और मेयर किताब का विमोचन करके 1 साल बेमिसाल की वाहवाही लूटने में लगी हुई है जबकि धरातल पर काम नहीं हुआ है। विपक्ष हमेशा साधारण सभा की मांग करता रहा सबसे कमजोर महापौर जिसने आज तक सदन सभा तक नहीं की सिर्फ  केंद्रीय मंत्री को खुश करने के लिए उनकी फोटो लगाई और पोस्टरों का बैनर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सीट पर बैठकर आम जनता की सुनवाई नहीं हुई, खाली विज्ञापनों में जोड़ दिया शहर की सरकार को। उन्होंने यह भी कहा कि शहर की जनता से मेयर को कोई सरोकार नहीं है और अपनी कमियों का ठीकरा राजस्थान सरकार पर फोड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना आयुक्त के नगर निगम चल रहा है और मेयर 2021 के विजन पर पोस्टरों का विमोचन कर रही है जबकि हालत यह है कि वर्ष-2020 में एक नाली, एक सड़क, एक सीवरेज तक ठीक नहीं कराई गयी।