मेयर सुशीला राजपुरोहित के प्रयासों से जल्द शुरू होगी बीकानेर में महिलाओं की पिंक ऑटो


 


बीकानेर, 07 जुलाई (छोटीकाशी डॉट पेज)। राजस्थान के बीकानेर की मेयर सुशीला कंवर राजपुरोहित ने शहर के चहुमुंखी विकास की दिशा में कार्य करते हुए नारी सशक्तिकरण एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निगम में संचालित दीनदयाल अन्त्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत सम्बंधित अधिकारी को 'पिंक ऑटो प्रोजेक्ट' पर कार्य करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि पिंक ऑटो रिक्शा में चालक महिलाएं ही होंगी, प्रोजेक्ट के तहत शहर की महिलाओं को पिंक ऑटो रिक्शा उपलब्ध करवाए जायेंगे जिन्हें चलाकर महिलाएं आर्थिक रूप से स्वतन्त्र होने की ओर पहला कदम रखेंगी। बीकानेर राजस्थान का दूसरा ऐसा शहर होगा जहां पिंक ऑटो रिक्शा चलेंगे। पिंक ऑटो से ना सिर्फ  इन महिलाओं को आजीविका का स्त्रोत मिलेगा बल्कि स्कूल कॉलेज जाने वाली बच्चियों के अभिभावकों एवं महिलाओं की रोज शहर में यात्रा करते वक्त होने वाली असुरक्षा की भावना भी दूर होगी। पिंक ऑटो प्रोजेक्ट के लिए महिलाओं से निशुल्क आवेदन लिए जायेंगे, इन महिलाओं को डे-एनयूएलएम योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जायेगा। प्रत्येक स्वयं सहायता समूह में 10 महिलायें होंगी। योजना के तहत पूर्व में बने हुए स्वयं सहायता समूहों से जुडी महिलाऐं भी इसका हिस्सा बन सकेंगी। इन महिलाओं को ऑटो रिक्शा चलाने का प्रशिक्षण भी नि:शुल्क उपलब्ध करवाया जायेगा, प्रशिक्षण के बाद इन महिलाओं के ड्राइविंग लाइसेंस बनाये जायेंगे तथा ऑटो रिक्शा खरीदने के लिए इन महिलाओं को  योजनान्तर्गत 2 लाख रुपए का ऋ ण बैंकों के माध्यम से अनुदानित ब्याज दर 7 प्रतिशत पर उपलब्ध करवाया जायेगा। शहर के मुख्य स्थान जहाँ महिलाओं एवं बच्चियों का आना जाना रहता है जैसे तोलियासर भैरूं जी की गली, लाभु जी का कटला, स्कूल, कॉलेज एवं मुख्य बाजारों पर पिंक ऑटो स्टैंड बनाए जायेंगे जिससे की इन ऑटो रिक्शा की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। भविष्य में इन पिंक ऑटो रिक्शा की डिमांड को देखते हुए ओला, उबर जैसे ऑनलाइन बुकिंग एप्लीकेशन बारे में भी विचार किया जायेगा।