गौ माता की सेवा कर चुकाएं गाय के दूध का कर्ज : महेंद्र मुणोत


 


बेंगलुरु। कन्नड़ फिल्मों के मशहूर निर्माता-अभिनेता एवं प्रमुख समाजसेवी गौ सेवक महेंद्र मुणोत ने यहां की विभिन्न गौशाला में 24 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि के चेक प्रदान किए। समाजसेवी सुरेश टपरावत ने बताया कि अपने पिताश्री मोतीलालजी मुणोत की पावनस्मृति में किए गए इस पुनीत कार्यक्रम में उनके साथ हंसराज मुणोत, आनंद मुणोत, ध्यान फाउंडेशन की नंदिनी, रेणु, अमृतधारा गौशाला के संतोष तिवारी, वार्ड फाउंडेशन के आनंद कृष्णादास, वाइल्डलाइफ एसओएस ग्रुप के केसीहादी, गौतम शर्मा, उपेंद्र सहित ओंकार गौशाला के सदस्य भी उपस्थित थे। इस अवसर पर मंड्या की चित्रा गौशाला में एक संक्षिप्त कार्यक्रम में महेंद्र मुणोत ने भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों-गुणों को उद्धृत करते हुए गौसेवा के पुण्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मां के दूध का कर्ज चुकाना मुश्किल है, मगर गौ माता की सेवा कर गाय के दूध का कर्ज चुकाया जा सकता है।