चरित्र निर्माण से लेकर व्यक्ति की सफलता में परिवार की होती है महत्वपूर्ण भूमिका : राहुल कपूर 


 


 



बीजेएस की फेसबुक लाइव वेबीनार मुहिम का सफलतम आगाज


बेंगलुरु (छोटीकाशी डॉट पेज)। कहते हैं किसी भी व्यक्ति के जीवन में परिवार से बड़ा कोई धन नहीं होता। एक अच्छा परिवार बच्चे के चरित्र निर्माण से लेकर व्यक्ति की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वर्तमान दौर में परिवार के महत्व एवं उसके बदलते स्वरूप में प्रेम, भाईचारा, संस्कार, मर्यादा, समर्पण, आदर एवं अनुशासन जैसे गुणों की महत्ता बताने के लिए भारतीय जैन संघटना (बीजेएस) की एक सार्थक मुहिम की शुरुआत 7 जून से प्रारंभ हुई। विश्व विख्यात चिंतक, विचारक एवं मार्गदर्शक राहुल कपूर ने कहा, परिवार एवं रिश्तेदारों की एकजुटता, मजबूती में सभी  सदस्यों के सकारात्मक भावों  का होना जरूरी है। यही नहीं कपूर ने एक खुशहाल परिवार में माता-पिता, पति-पत्नी व बच्चों के साथ किस प्रकार रिश्तो को मधुरता एवं व्यवहार कुशलता के साथ निभाया जा सकता है इस पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। वे रविवार को बीजेएस की ओर से आयोजित एक वेबीनार कार्यक्रम को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे। इस वेबीनार में देश और दुनिया के हजारों लोगों ने फेसबुक लाइव से जुड़कर राहुल कपूर के संवादों को सुना व अनेक भ्रांतियों जिज्ञासाओं का समाधान भी लिया। बीजेएस के बेंगलुरु चैप्टर के अध्यक्ष विनोद पोरवाल ने बताया कि राहुल कपूर ने विज्ञान और व्यक्ति के मन की आस्था पर व हंसने-हंसाने अर्थात मुस्कुराहट की कला पर भी विस्तार से अपनी बात कही। इस अवसर पर फेसबुक लाइव लिंक एक बारगी कुछ मिनटों के लिए अवरुद्ध हुआ। उस पर भी कपूर ने कनेक्टिविटी से जुड़े संवाद को विस्तृत करते हुए कहा, जब संयोगवश कुछ पल के लिए नेटवर्किंग विखंडित हो जाती है तो सभी लोग चिंतित होकर सोच मग्न हो जाते हैं ऐसे में पारिवारिक रिश्तो में दरार अथवा दूरियां बढ़ने पर असंवाद से किस प्रकार विघटन बढ़ जाता है, इसका भी व्यक्ति को एहसास होना चाहिए। उन्होंने हर परिस्थिति में संवाद के जरिए सकारात्मक दृष्टिकोण से समाधान निकालने व परस्पर समन्वय बनाए रखने की भी प्रेरणादाई सीख दी। नवकार मंत्र के जाप से प्रारंभ हुए करीब 1 घंटे के फेसबुक लाइव इस कार्यक्रम में सभी का स्वागत बीजेएस हनुमंत नगर के चेप्टर के अध्यक्ष कमलेश जैन ने किया। कार्यक्रम में बीजेएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र लुंकड़, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ट्रस्टी प्रफुल्ल पारेख, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं कर्नाटक प्रभारी ओमप्रकाश लूनावत सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता निभाई। बीजेएस कर्नाटक के राज्य अध्यक्ष दिनेश पालरेचा ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने भी आयोजन की सार्थकता पर प्रकाश डाला। साथ ही कहा कि जीवन में जो प्राप्त है, वहीं पर्याप्त है। इन दोनों शब्दों में खुशी बेहिसाब है। विनोद पोरवाल ने बताया कि आदर्श पापड़ एवं जैनम संस्था द्वारा प्रायोजित इस आयोजन को सफल बनाने में शर्मिला मेहता, उत्तमचंद बांठिया, रमेश बोहरा, कांति सालेचा, मधु राणमल गुलेच्छा, अशोक मुणोत, राजेश बांठिया सहित  बीजेएस के अनेक कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। सभी का आभार सुरेश धोका ने जताया।