जीव दया एवं गौ सेवा ; संयुक्त महाधिवेशन बेंगलूरु में 26 जून, रविवार को






-अंतर्राष्ट्रीय गौमाता सेवा महासंघ, स्वदेशी सनातन संघ भारत एवं अखिल एकता व्यापार मंडल का कार्यक्रम 


-आयोजन की संपूर्ण लाभार्थी शारदा जे चौधरी ने दी जानकारी 


बेंगलूरु। गौ सेवा एवं जीव दया के क्षेत्र में बेंगलूरु महानगर के इतिहास में पहली बार यहां एक दिवसीय आयोजन 26 जून, रविवार को हो रहा है। स्थानीय लालबाग मार्ग स्थित गोड़वाड़ भवन में अंतरराष्ट्रीय गौ माता सेवा महासंघ, स्वदेशी सनातन संघ भारत, अखिल एकता व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में दो सत्रों में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के प्रायोजक महासंघ की राष्ट्रीय महिला मंत्री शारदा जवाहर चौधरी परिवार वाले हैं। उन्होंने बताया कि श्रीपार्श्व पद्मावती शक्तिपीठ धाम के पीठाधीपति, राष्ट्रसंत परम पूज्य गुरुदेवश्रीजी डॉ वसंतविजयजी महाराज साहेब की पावन निश्रा में होने वाले इस कार्यक्रम में आयुष मंत्रालय के पूर्व सदस्य डॉ दिनेश उपाध्याय, पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी, सांसद पीसी मोहन, सांसद तेजस्वी सूर्या एवं दिल्ली से संजय विनायक जोशी बतौर अतिथि शामिल होंगे। विगत 30 वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर गौ सेवा एवं जीव दया के लिए समर्पित व्यक्तित्व श्रीमती शारदा चौधरी ने बताया कि आयोजन में देश के विभिन्न प्रांतों से गौ सेवा से जुड़े विशिष्ट गणमान्य जन भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि अहिंसा एवं जीव दया जैन धर्म का प्राण है। गौ माता की रक्षा एवं सेवा भारतीय संस्कृति की रक्षा हेतु अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर गौ हत्या निषेध कानून व गाय को राष्ट्रीय पशु के रूप में प्रस्ताव पारित कर केंद्र एवं राज्य सरकारों को प्रेषित किया जाएगा। साथ ही देश भर में गौशालाओं के निर्माण के लिए जागरूकता अभियान भी व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। गौमाता सेवा महासंघ के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रवीण भंडारी एवं कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष गौतमचंद धारीवाल ने बताया कि प्रातः 10 बजे से आयोजन प्रारंभ होगा। वहीं शाम के सत्र में 6 बजे से "एक शाम गौ माता एवं भैरवजी के नाम" भक्ति संध्या का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें अनेक प्रसिद्ध संगीतकार अपनी भक्तिमयी प्रस्तुतियां देंगे। महासंघ की प्रांतीय महिला अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा बोहरा ने बताया कि इस अवसर पर अनेक विशिष्ट सेवाभावी शख्सियतों को समाज रत्न अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।