आचार्य तुलसी 26वीं पुण्यतिथि: नैतिकता के शक्तिपीठ में भव्य आयोजन

                                         





महाप्रयाण दिवस पर प्रथम बार अपने गुरु के समाधिस्थल पर युगप्रधान आचार्य महाश्रमण   

बीकानेर-गंगाशहर का आचार्य तुलसी शांति प्रतिष्ठान ‘नैतिकता का शक्तिपीठ’ से विख्यात आचार्य तुलसी समाधि स्थल पर शुक्रवार को जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ वर्तमान अनुशास्ता, अहिंसा यात्रा के प्रणेता आचार्यश्री महाश्रमणजी का मंगल पदार्पण हुआ तो मानों पूरा बीकानेर ही नहीं, देश भर से हजारों की संख्या में जुटे श्रद्धालुओं की आस्था तरंगित हो उठी और गूंज उठा गगनभेदी जयघोष। जी हां! कुछ ऐसा ही दृश्य नजर आया गंगाशहर में स्थित तेरापंथ धर्मसंघ के नवमें अधिशास्ता, गणाधिपति आचार्यश्री तुलसी के समाधि स्थल नैतिकता का शक्तिपीठ पर। आचार्यश्री तुलसी की 26वें महाप्रयाण दिवस व 25वीं वार्षिकी पुण्यतिथि के मौके पर यह प्रथम अवसर बना था जब तेरापंथ के वर्तमान आचार्य अपने सुगुरु के समाधि स्थल पर पधार रहे थे। ऐसे सुअवसर को साक्षात् अपने नेत्रों से निहारने को हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। प्रातःकाल आचार्यश्री बोथरा भवन से अपनी धवल सेना संग प्रस्थित हुए तो प्रवास स्थल से लेकर आचार्य तुलसी शांति प्रतिष्ठान तक की सड़कें उपस्थित जनता से आवृत-सी हो गई थी। लहराते जैन ध्वज और गुंजायमान होता जयघोष पूरे वातावरण को महाश्रमणमय बना रहा था। आचार्यश्री लगभग एक किलोमीटर की दूरी तय कर अपने अनुशास्ता आचार्यश्री तुलसी के समाधि स्थल तो श्रद्धालुओं की आस्था हिलोरें लेने लगीं। आचार्यश्री अपने सुगुरु के समाधि स्थल पर पहुंच कर कुछ समय ध्यानस्थ हुए। उस समय का दृश्य ऐसा लग रहा था मानों लम्बे अंतराल के बाद शिष्य अपने सुगुरु का साक्षात्कार कर रहे हों। 

 कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित राजस्थान के शिक्षामंत्री बीडी कल्ला ने आचार्यश्री तुलसी के पुण्यतिथि के अवसर पर उनका स्मरण करते हुए वर्तमान आचार्य महाश्रमणजी को वंदन करता हूं। आचार्य तुलसी के अणुव्रत आंदोलन ने पूरी दुनिया को शांति का संदेश दिया और उन्हीं के रूप में आप भी उनके संदेशों को आगे बढ़ा रहे हैं। आपश्री का आशीर्वाद हमारे क्षेत्र की जनता सदैव बना रहे। नोखा के विधायक श्री बिहारीलाल बिश्नोई ने कह कि आज हम सभी के लिए परम सौभाग्य की बात है कि आज आचार्य तुलसी के समाधि स्थल पर महान संत आचार्यश्री महाश्रमणजी के दर्शन का अवसर प्राप्त हुआ है। मैं आचार्य तुलसी को श्रद्धा के साथ स्मरण करता हूं। 

कार्यक्रम में आचार्य तुलसी शांति प्रतिष्ठान के अध्यक्ष महावीर रांका, मंत्री हंसराज डागा, सुशील खटेड़, अणुव्रत समिति-बीकानेर के अध्यक्ष झंवरलाल गोल्छा व रोहित बैद ने अपनी भावाभिव्यक्ति दी। उपासक श्रेणी, तेरापंथ महिला मण्डल व कन्या मण्डल-गंगाशहर, तेरापंथ महिला मण्डल व कन्या मण्डल-शिवाबस्ती ने पृथक्-पृथक् गीत का संगान किया। इस अवसर पर मुनि राजकुमारजी ने भी गीत का संगान किया। आचार्यश्री ने कोटि जप के अनुष्ठान के संदर्भ में भी आशीष प्रदान की। आचार्य तुलसी शांति प्रतिष्ठान के पदाधिकारियों द्वारा बोथरा परिवार को भूमिदान करने के संदर्भ में अभिनंदन पत्र पूज्य सन्निधि में समर्पित किया गया।