सूर्यदत्त संस्था द्वारा सांसदरत्न सुप्रियाताई को 'सूर्यभूषण राष्ट्रीय पुरस्कार 2022' से नवाजा






सुप्रियाताई के सामाजिक और राजनीतिक कार्य प्रेरणादायक : डॉ. संजय चोरडिया

पुणे। अच्छे समाज निर्माण और विकास कार्यों के साथ-साथ आवश्यक इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने में लोगों की भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है। किसी भी उपक्रम की सफलता के लिए हम में से प्रत्येक व्यक्ति का योगदान आवश्यक है। ऐसी राय सांसद सुप्रिया सुळे ने रखी। 'सूर्यदत्त' संगठन का प्रत्येक अंग समर्पित भाव से कार्य कर रहा है, यह देखकर प्रसन्नता हुई इन शब्दों में उन्होंने सूर्यदत्त परिवार की प्रशंसा की। पुणे स्थित निजी क्षेत्र के विश्व स्तरीय शिक्षण संस्थान सूर्यदत्त ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स की ओर से सांसदरत्न सुप्रिया सुळे को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए 'सूर्यभूषण राष्ट्रीय पुरस्कार 2022' से सम्मानित किया गया। सुप्रिया सुळे बावधन क्षेत्र के नागरिकों के लिए 'जनसंवाद' कार्यक्रम के लिए 'सूर्यदत्त' कॅम्पस में आयी थीं। इस दौरान उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया। सुळे द्वारा सूर्यदत्त परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर सूर्यदत्त ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजय चोरडिया, उपाध्यक्ष एवं सचिव सुषमा चोरडिया, सहायक उपाध्यक्ष स्नेहल नवलखा, सिद्धांत चोरडिया, निदेशक प्रो. प्रशांत पितालिया, अधिष्ठाता डॉ प्रतीक्षा वाबळे, प्रो. अक्षित कुशल, एनसीपी के कुणाल वेडेपाटिल, किरण वेडेपाटिल के साथ एनसीपी के अन्य स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सूर्यदत्त के शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।

सुप्रिया सुळे ने कहा, स्कूली उम्र से ही समाज निर्माण का काम होना चाहिए। हमें अपने कैंपस, अपने शहर को साफ-सुथरा और सुरक्षित रखने के लिए बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। मूल्यों और संस्कारों का ध्यान रखा जाए तो समाज का स्वास्थ्य अच्छा रहता है। नागरिक समस्याओं को हल करने के लिए जनप्रतिनिधियों के रूप में हम जिम्मेदार हैं; लेकिन नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। इस दौरान डॉ संजय चोरडिया ने कहा कि सुप्रियाताई का राजनीतिक और सामाजिक कार्य प्रेरणादायी है। वह एक लोकप्रिय जननेता व सांसद रत्न के रूप में जानी जाती हैं। किसी भी निर्णय को तुरंत लेने और अपनी राय दृढ़ता से व्यक्त करने की उनकी प्रवृत्ति होती है। वे समाज की समस्याओं को हल करने पर ध्यान केंद्रित करते हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रशांत पितालिया ने किया। अभिषेक अवचार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।