"अपने लिए तो सभी जीते हैं, लेकिन सफलता और यश उन्हीं को मिलते हैं जो दूसरों के लिए जीते हैं"






-समाजसेवी जयसिंह-टीना जैन द्वारा राष्ट्रीय जैन श्वेताम्बर फाउंडेशन ट्रस्ट को 18 लाख की सहायता राशि भेंट


-कोरोना काल में जरुरतमंदों की सेवा-सहायता में जैन दम्पति मानव मसीहा के रूप में पहचाने गए हैं : प्रकाश भटेवरा


इंदौर। पीड़ित मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा तीर्थ और पुण्य है। अपने जन्मदिन पर दीन-दुखियों को नई जिंदगी देने का संकल्प आज के इस भौतिक चकाचौंध भरे युग में अनुकरणीय और वंदनीय है। अपने लिए तो सभी जीते हैं, लेकिन सफलता और यश उन्हीं को मिलते हैं, जो दूसरों के लिए जीते हैं। इन्दौर शहर के समाजसेवी जयसिंह–टीना जैन ने राष्ट्रीय जैन श्वेताम्बर फाउंडेशन ट्रस्ट को 10 लाख रुपए की धनराशि का चेक पार्श्व आरोग्य धाम के लिए और 8 लाख रु. का चेक एम्बुलेंस वाहन खरीदने के लिए भेंटकर उन लोगों के लिए एक मिसाल पेश की है जो अपने जन्मदिन को मौज-मस्ती, पिकनिक और दावतों के नाम पर खर्च कर देते हैं। इस सेवा प्रकल्प की जितनी प्रशंसा की जाए, कम ही होगी। अन्य लोग भी इनसे प्रेरणा ले सकते हैं। कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी, राज्य की संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, विधायक महेन्द्र हार्डिया, पूर्व पार्षद दीपक जैन टीनू ने स्थानीय मनोरमागंज स्थित शांति नगर के बी.एन. कालानी ट्रस्ट के सामुदायिक सभागृह में पार्श्व आरोग्य धाम का शुभारंभ करते हुए एक स्वर से उक्त बातें कही। इस अवसर पर अतिथियों के साथ जयसिंह–टीना जैन ने पार्श्व आरोग्य धाम का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया और अपने संकल्पों को साकार करने हेतु फाउंडेशन ट्रस्ट को कुल 18 लाख रुपए की सहायता राशि भेंट की। कार्यक्रम में बी.एन. कालानी ट्रस्ट के अध्यक्ष लक्ष्मीलाल मुछाल, के.के. रूठिया, पवन बागड़िया एवं फाउंडेशन के ट्रस्टी पीयूष जैन, राजेश चौरड़िया, सुनील जैन, विक्रम श्रीमाल, मनीष सुराणा, संतोष कटारिया, दिलीप भंडारी, खूबचंद कटारिया व नाहर आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। श्रीमती किरण सिरोलिया ने मंगलाचरण किया। प्रारंभ में ट्रस्ट के महामंत्री जिनेश्वर जैन ने पार्श्व आरोग्य धाम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यहां प्रतिदिन ओपीडी, एक्सरे, पेथॉलॉजी जांच, फिजियोथैरेपी एवं योग शिक्षा की गतिविधयां भी संचालित होंगी। यहां जरुरतमंद मरीजों की सभी प्रकार की जांचें बाजार से आधी से भी कम कीमतों पर करने की सुविधा मिलेगी। फाउंडेशन ट्रस्ट के प्रकाश भटेवरा ने कहा कि  समाजसेवी जयसिंह–टीना जैन दम्पति ने पिछले छह वर्षों में टीना जैन के जन्मदिन के अवसरों पर अब तक 650 से अधिक बच्चों की प्लास्टिक सर्जरी और 15 बच्चों की हार्ट सर्जरी भी कराई है। कोरोना के चलते इस बार उनके इस संकल्प की पूर्ति नहीं हुई तो राष्ट्रीय जैन श्वेताम्बर फाउंडेशन ट्रस्ट को 10 लाख रुपए का चेक ऐसे लोगों की मदद के लिए भेंट किया है, जो विभिन्न महंगी चिकित्सकीय जांचें नहीं करा सकते। इसके लिए आज से पार्श्व आरोग्य धाम का शुभारंभ भी किया गया। इसके अलावा 8 लाख रुपए की लागत से एक एम्बुलेंस खरीदने के लिए भी जैन दम्पति ने फाउंडेशन को चेक भेंट किया। उन्होंने कहा कि शहर में कोरोना काल में जरुरतमंद लोगों की सेवा-सहायता में भी जैन दम्पति मानव मसीहा के रूप में पहचाने गए हैं। आज उनके द्वारा दी गई सहायता से अनेक पीड़ित लोगों को नई जिंदगी मिल सकेगी। यह एक वंदनीय और अनुकरणीय उदाहरण है। भटेवरा ने बताया कि पूर्व में भी उन्होंने कटे होठों के ऑपरेशन, घुटनों के ऑपरेशन, पलक मुछाल के साथ बच्चों के हार्ट के ऑपरेशन जैसे अनेक सेवा कार्य किए हैं। अंत में जैन दम्पति ने सभी का आभार माना।