बीकानेर, 27 अक्टूबर (सीके न्यूज/छोटीकाशी)। भारतीय जनता पार्टी शहर जिला बीकानेर के आह्वान पर बीकानेर भाजपा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सभी चारों मण्डलों के कार्यकर्ताओं द्वारा बुधवार को पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में ठप्प पड़े विकास और सड़कों की दुर्दशा को लेकर सार्वजनिक निर्माण विभाग के मुख्यालय का घेराव किया गया और अतिरिक्त मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पुराना शहर मंडल, नयाशहर मंडल, गोपेश्वर मंडल, जस्सूसर मंडल व महिला मोर्चा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शहर जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार के शासन में पूरे प्रदेश में विकास ठप्प पड़ा है और प्रदेश पुन: बीमारू राज्य की श्रेणी में आ कर खड़ा हो गया है। बीकानेर से सरकार में काबीना मंत्री होते हुए भी शहर की दुर्दशा चरम पर पहुंच चुकी है। स्थिति बदतर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि खजाना खाली होने का रोने वाली सरकार से अब आमजन को न्याय की उम्मीद नहीं है और भाजपा राज्य सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर संघर्ष हेतु तैयार है। विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम प्रभारी जिला उपाध्यक्ष गोकुल जोशी, राष्ट्रीय परिषद सदस्य विजय आचार्य, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने भी संबोधन किया। इससे पूर्व पश्चिम विधानसभा के कार्यकर्ता मंडल अध्यक्ष कमल आचार्य, चंद्रप्रकाश गहलोत, दिनेश महात्मा, मुकेश ओझा के नेतृत्व में गोकुल सर्किल से एकत्रित होकर सरकार विरोधी नारे लगाते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग कार्यलय पहुँचे जहाँ पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र ही खस्ता हाल सड़कों की दशा ठीक करने के लिए ज्ञापन दिया।
बीकानेर की खस्ताहाल सड़कों, विकास को लेकर भाजपा नेताओं ने किया पीडबल्यूडी मुख्यालय का घेराव
• ChhotiKashi Team