पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के जन्मदिन पर बीकानेर में एक हजार हेलमेट वितरित, महावीर रांका ने दी प्रेस-कांफ्रेंस में जानकारी








बीकानेर, 08 मार्च (CK NEWS/CHHOTIKASHI)। भारतीय जनता पार्टी [भाजपा] की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के सोमवार को जन्मदिन के मौके पर संभाग मुख्यालय पर भाजपा नेता महावीर रांका व रामलाल सूरजदेवी रांका चैरिटेबल ट्रस्ट के बैनर तले दुपहिया वाहन प्रयोग करने वाले आमजन को सडक दुर्घटनाओं से सुरक्षा प्रदान करने के लिए एक हजार हेलमेट का वितरण किया गया। रांका ने प्रेस-कांफे्रंस में बताया कि हमेशा की तरह सम्पूर्ण प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रत्येक जिला, तहसील व मण्डल स्तर पर जन्मदिन कार्यक्रम में उनके स्वास्थ्य व लम्बी उम्र की कामना ईश्वर से करते हैं। शहर में भी विगत कई वर्षों से वसुंधरा राजे के जन्मदिन पर रामलाल सूरजदेवी रांका चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा कार्यक्रम किए जाते हैं। आज भी ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों पर खड़े होकर बगैर हेलमेट के दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट प्रदान किए गए। इसके अलावा कोरोना से बचाव के लिए मास्क भी वितरित किए गए। रांका ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा पहले भी राजे के सानिध्य में ही 6 हजार हेलमेट वितरित किए जा चुके हैं। पिछले वर्ष जरुर कोरोना की वजह से यह कार्यक्रम नहीं हो सका इस बाबत् गतवर्ष सामूहिक रुप से ट्रस्ट द्वारा जरुरतमंदों को राशन बैग, मास्क, सैनेटाईजर व पशुओं को हरा चारा, सब्जी व श्वानों को रोटियां बनाकर खिलायी गयीं। रांका ने कहा कि ट्रस्ट हमेशा सामाजिक कार्यों में अपना पूर्ण सहयोग देता रहा है तथा भविष्य में भी पूर्व की तरह सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करता रहेगा। उन्होंने बीकानेरवासियों से अनुरोध किया है कि वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें तथा कोरोना महामारी से बचने के लिए मास्क का प्रयोग करते रहें। उनके ट्रस्ट के साथ पूनमचंद झंवरी देवी पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट, मस्त मंडल सेवा संस्थान, लूणकरण सरोज देवी सामसुखा चैरिटेबल ट्रस्ट सहयोगी संस्था के रुप में कार्य कर रही है। -हिन्दुस्थान समाचार/राजीव