बीकानेर भाजपा का जबरदस्त हल्ला बोल, पैदल विरोध मार्च के साथ रतनबिहारी पार्क से पहुंचे कलेक्ट्री





बीकानेर, 12 मार्च (सीके न्यूज/छोटीकाशी)। राजस्थान सरकार की नीतियों के खिलाफ बीकानेर भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को विरोधस्वरुप हल्ला बोल कार्यक्रम के तहत जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में रतनबिहारी पार्क से कलेक्टर तक पैदल मार्च करते हुए सीएम का पुतला दहन किया और कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल के नाम का ज्ञापन प्रेषित किया। जिला मंत्री और मीडिया प्रभारी मनीष आचार्य ने बताया कि हल्ला बोल कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला, मंडल, मोर्चा, प्रकल्प और प्रकोष्ठ पदाधिकारियों के साथ साथ पार्षद, पार्षद प्रत्याशी, पूर्व पदाधिकारी, सक्रिय सदस्य एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने मार्च के दौरान सरकार के खिलाफ  जबरदस्त नाराजगी और विरोध प्रदर्शन करते हुए बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। हल्ला बोल कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यकर्ताओं ने रतन बिहारी पार्क से कचहरी परिसर तक राज्य सरकार के खिलाफ  बुलंदी से नारे लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां, पार्टी के झंडे, बैनर और काले कुर्तों पर सरकार की नाकामियों से भरे स्लोगन लगाकर राज्य नाकारा, निकम्मी सरकार और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ  नारेबाजी कर अकर्मण्यता का आरोप लगाते हुए प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था के खिलाफ  जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कचहरी परिसर में ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला भी जलाया गया। भाजपा जिला प्रभारी ओम सारस्वत ने कहा कि अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली राज्य की कांग्रेस सरकार पूरी तरह से नाकारा और सभी मोर्चों पर विफल साबित हो चुकी है। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ सत्यप्रकाश आचार्य ने कहा कि राज्य सरकार के कुप्रबंधन के चलते पूरा प्रदेश त्राहि त्राहि कर रहा है। महामंत्री मोहन सुराणा ने कहा कि किसानों को कर्जमाफी और बेरोजगारी भत्ता देने का वादा अपने घोषणापत्र में करने वाली झूठे वादों की सरकार ने शासन में आने के बाद अपने सभी वादों को भुला दिया है और मतदाताओं के साथ बेईमानी की है। महामंत्री अनिल शुक्ला ने कहा कि राज्य के किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं बेरोजगार नौजवान के लिए न तो सरकार की कोई नीति है ना ही  बेरोजगारी भत्ता दिया गया है। उपाध्यक्ष अशोक प्रजापत ने कहा कि राज्य में अपराध चरम पर है, अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस अपना इकबाल खो चुकी है। महामंत्री नरेश नायक ने कहा कि राजस्थान में झूठे और लोकलुभावन वादे कर सत्ता प्राप्त करने वाली कांग्रेस आमजन, महिलाओं, दलितों और किसानों के प्रति अपने उत्तरदायित्व को पूरी तरह से भूल चुकी है और राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। महिला मोर्चा अध्यक्ष मधुरिमा सिंह, भाजपा आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी ने भी विचार रखे।